आरिफ नियाज़ी।
रुड़की। कांग्रेस सेवादल संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से गांव-गांव और शहर-शहर अभियान चलाएगा। इसके तहत कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देकर पार्टी की विचारधारा, नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया गया है। आगामी वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस सेवादल को संगठनात्मक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में यह कदम उठाया गया है।
रुड़की में आयोजित कांग्रेस सेवादल के प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी विष्णु दत्त शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस सेवादल का देश की आज़ादी के आंदोलन में ऐतिहासिक योगदान रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1923 में गठित कांग्रेस सेवादल ने अंग्रेजों के खिलाफ चले हर बड़े आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई थी। उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए अब कांग्रेस सेवादल समाज सेवा और संगठन की मजबूती के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेगा।
प्रदेश प्रभारी ने कहा कि आज के समय में कांग्रेस सेवादल की जिम्मेदारी केवल संगठन तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता की समस्याओं के समाधान और कांग्रेस की नीतियों को आम लोगों तक पहुंचाने की भी है। इसके लिए सेवादल के कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को कांग्रेस सेवादल के उद्देश्य, कार्यप्रणाली और पार्टी की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी देंगे।
वहीं इस अवसर पर कांग्रेस सेवादल की प्रदेश अध्यक्ष हेमा पुरोहित ने कहा कि पूरे प्रदेश में लगातार प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इससे पहले रुद्रपुर और देहरादून में कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है और अब रुड़की में सेवादल के कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा महिलाओं को सम्मान और आगे बढ़ने का अवसर दिया है। यही कारण है कि आज एक महिला को प्रदेश अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कांग्रेस पार्टी महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए सदैव प्रतिबद्ध रही है और आगे भी इस दिशा में कार्य करती रहेगी।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नासिर प्रवेज, ठाकुर वीरेंद्र सिंह, सुधीर शांडिल्य, जिला अध्यक्ष सुशील कश्यप, मकसूद हसन ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर सैकड़ों कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान संगठन की मजबूती, अनुशासन और जनसेवा को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।





More Stories
मंगलौर पहुँचने पर राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय महसचिव त्रिलोक चंद त्यागी का ढ़ोल नगाडो से हुआ ज़ोरदार स्वागत, जयंत चौधरी की रैली को सफल बनाने का आह्वान
रुड़की के रहीमपुर में सौंदर्यकरण की आड़ में सरकारी तालाब में ‘अवैध खनन’ का खेल, जॉइंट मजिस्ट्रेट ने रुकवाया काम; जांच के आदेश।
रुड़की भाजपा कार्यालय में भाजपा नेता सुशील पैगोवाल ने सैकड़ों समर्थकों के साथ किया प्रदेश प्रभारी का भव्य स्वागत।