आरिफ नियाजी।
उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर सियासी सरगर्मियां अभी से ही तेज होने लगी हैं। राजनीतिक दलों के नेताओं ने अपनी-अपनी तैयारियां और क्षेत्र में सक्रियता बढ़ा दी है। इसी कड़ी में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के करीबी माने जाने वाले वरिष्ठ कांग्रेस नेता सलीम खान ने रुड़की विधानसभा सीट से कांग्रेस पार्टी के टिकट पर अपनी मजबूत दावेदारी ठोक दी है।
एक खास बातचीत के दौरान सलीम खान ने दो टूक शब्दों में कहा कि इस बार रुड़की विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर उनका पूरा अधिकार बनता है। उन्होंने तर्क दिया कि मुस्लिम समाज ने हमेशा निष्ठा के साथ कांग्रेस पार्टी को अपना समर्थन और वोट दिया है, इसलिए पार्टी हाईकमान को इस बार उन्हें अवश्य मौका देना चाहिए।
सलीम खान ने अपनी दावेदारी के पक्ष में अपनी जनसेवा का हवाला देते हुए कहा कि वह रुड़की विधानसभा के कोने-कोने और वहां के हर वर्ग के लोगों को भली-भांति जानते-पहचानते हैं। वह लंबे समय से सक्रिय रूप से सामाजिक कार्यों से जुड़े रहे हैं और क्षेत्रवासियों के हर सुख-दुख में हमेशा आगे बढ़कर शामिल होते हैं।
उन्होंने अपनी धर्मनिरपेक्ष और सर्वसमाज सेवा का जिक्र करते हुए कहा कि
कुंभ मेले से लेकर कांवड़ मेले तक, उन्होंने हर बड़े आयोजन में बढ़-चढ़कर सेवा कार्य किए हैं।
इसके साथ ही कलियर शरीफ दरगाह के उर्स जैसे पवित्र आयोजनों में भी वह लगातार लोगों की सेवा में तत्पर रहे हैं।
सलीम खान का मानना है कि उनकी इन्हीं वर्षों की जनसेवा और क्षेत्र में गहरी पकड़ को देखते हुए पार्टी हाईकमान को उन्हें प्रत्याशी बनाना चाहिए, ताकि पिछले काफी समय से इस सीट पर हार का सामना कर रही कांग्रेस पार्टी को एक बार फिर जीत की पटरी पर लाया जा सके।
सलीम खान की इस दावेदारी को पार्टी के भीतर से भी समर्थन मिलना शुरू हो गया है। कांग्रेस के पूर्व नगर अध्यक्ष कलीम खान ने भी खुलकर समर्थन जताते हुए कहा कि इस बार सलीम खान को पार्टी टिकट मिलना चाहिए। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि अनुशासन का पालन करते हुए पार्टी हाईकमान अंत में जिसे भी उम्मीदवार बनाएगी, सभी कांग्रेसी मिलकर उनके साथ पूरी ताकत से चुनाव लड़ेंगे।





More Stories
रूड़की में अब किफायती और आधुनिक दांतों का इलाज हुआ आसान, ईदगाह के पास ‘शीबा डेंटल क्लीनिक एंड लैब’ का हुआ उद्धाटन।
रुड़की में विकास की बयार: कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने नीशू ग्रीन, नीशू एन्क्लेव और सोलानी पुरम में करोड़ों के विकास कार्यों के किए उद्धाटन।
रुड़की में समाजसेवी सचिन गुप्ता ने पिता की पुण्यतिथि पर किया भव्य स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविर।