Jan Mudde

No.1 news portal of India

70 गांवों की लाइफलाइन भगवानपुर सीएचसी खुद ‘बीमार, 44 में से 27 पद खाली, महिला विशेषज्ञ ना होने से गर्भवती महिलाएं रेफर होने को मजबूर।

Spread the love

आरिफ़ नियाज़ी।
​ उत्तराखंड सरकार भले ही प्रदेश के अंतिम व्यक्ति और घर-घर तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लाख दावे कर रही हो, लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोलती नजर आ रही है। इसका ताजा उदाहरण भगवानपुर का सबसे बड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) है, जहां डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की भारी कमी के चलते स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से लड़खड़ा गई हैं। वहीं क्षेत्र के लगभग 70 गांवों की बड़ी आबादी को स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने का दावा करने वाला यह अस्पताल आज खुद बदहाली के आंसू बहा रहा है। दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से इलाज की उम्मीद लेकर आने वाले मरीजों को यहां समुचित उपचार नहीं मिल पा रहा है। मजबूरन मरीजों को मायूस होकर रुड़की, हरिद्वार, छुटमलपुर और सहारनपुर जैसे अन्य शहरों के अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है। इससे गरीब और ग्रामीण मरीजों को आर्थिक बोझ के साथ-साथ समय की बर्बादी भी झेलनी पड़ रही है।अस्पताल में स्टाफ की कमी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यहां कुल स्वीकृत 44 पदों में से केवल 17 डॉक्टर और कर्मचारी ही तैनात हैं, जबकि 27 महत्वपूर्ण पद लंबे समय से खाली पड़े हैं। इतने कम स्टाफ के सहारे हजारों मरीजों का भार संभालना अस्पताल प्रशासन के लिए भी बड़ी चुनौती बना हुआ है।
खास बात यह हैं की स्टाफ और विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी का सबसे ज्यादा खामियाजा क्षेत्र की महिलाओं और बच्चों को उठाना पड़ रहा है। हैरत की बात यह है कि अस्पताल में महिला रोग विशेषज्ञ (गायनेकोलॉजिस्ट) की तैनाती न होने के कारण गर्भवती महिलाओं को भी यहां प्राथमिक उपचार नहीं मिल पा रहा है। प्रसव या जांच के लिए आने वाली गर्भवती महिलाओं को सीधे दूसरे बड़े अस्पतालों के लिए रेफर कर दिया जाता है, जिससे कई बार जच्चा-बच्चा की जान पर भी खतरा मंडराने लगता है।अस्पताल की इस बदहाल स्थिति और स्टाफ की कमी को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. आर.के. सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। उन्होंने आश्वासन दिया कि अस्पताल में चल रही डॉक्टरों और स्टाफ की कमी को जल्द ही दूर कर दिया जाएगा। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की एक टीम जल्द ही भगवानपुर सीएचसी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेगी और सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाएगी।

अधिक पढ़े जाने वाली खबर

error: Content is protected !!
जन मुद्दे के लिए आवश्यकता है उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के सभी जिलो से अनुभवी ब्यूरो चीफ, पत्रकार, कैमरामैन, विज्ञापन प्रतिनिधि की। आप संपर्क करे मो० न० 9719430800,9557227369