आरिफ नियाज़ी।
रुड़की। बिजली चोरी पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए ऊर्जा निगम अब सख्त रुख अपनाता नजर आ रहा है। लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विद्युत वितरण खंड ग्रामीण के अंतर्गत मगलौर, लंढौरा और झबरेड़ा क्षेत्रों में शुक्रवार सुबह संयुक्त रूप से सघन बिजली चोरी जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान कई स्थानों पर खुलेआम बिजली चोरी और अनधिकृत विद्युत उपयोग के मामले सामने आए।
अभियान के दौरान उपखंड मगलौर, उपखंड लंढौरा एवं उपखंड झबरेड़ा की संयुक्त टीमों ने कुल 42 उपभोक्ताओं की विद्युत जांच की। जांच में 8 गन्ना चरखियों की जांच की गई, जिनमें से 2 गन्ना चरखियों पर निर्माणाधीन कॉलोनियों के कार्यों में अनधिकृत रूप से विद्युत का उपयोग करते हुए पाया गया। इसके अलावा एक ईंट भट्टे पर केबल जोड़कर सीधी बिजली चोरी की जा रही थी, जबकि 2 अन्य ईंट भट्टों पर अनधिकृत विद्युत उपयोग पकड़ा गया।

टीम द्वारा लंढौरा कस्बा और आसपास की बस्तियों में की गई जांच के दौरान 31 घरेलू एवं व्यवसायिक उपभोक्ताओं को भी अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। कई स्थानों पर मीटर से छेड़छाड़ और सीधी केबल डालकर बिजली चोरी की जा रही थी, जिससे विभाग को भारी राजस्व हानि हो रही थी।
इस अभियान में उपखंड अधिकारी मगलौर अनुभव सैनी, उपखंड अधिकारी लंढौरा गुलशन बुलानी, उपखंड अधिकारी झबरेड़ा मोहम्मद रिजवान, अवर अभियंता अशोक कुमार, मो. नसीम सहित बड़ी संख्या में लाइन स्टाफ मौजूद रहा। टीमों ने मौके पर ही अवैध कनेक्शन हटाकर आवश्यक कार्रवाई की।
ऊर्जा निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ विभागीय नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी और सभी मामलों में जुर्माना व कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी। साथ ही यह भी चेतावनी दी गई कि भविष्य में भी इस प्रकार के औचक और सघन जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि बिजली चोरी पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि वे कानूनी रूप से विद्युत कनेक्शन लेकर ही बिजली का उपयोग करें, जिससे न केवल विभाग को नुकसान से बचाया जा सके, बल्कि क्षेत्र में निर्बाध और सुरक्षित विद्युत आपूर्ति भी सुनिश्चित की जा सके।





More Stories
माटी कला बोर्ड के सम्मान समारोह में कारीगरों का सम्मान, पारंपरिक कला को बढ़ावा देने का संकल्प दोहराया।
सुराज सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी की बड़ी चेतावनी,हरिद्वार के भ्रष्ट अधिकारियों को करेंगे बेनकाब, ईमानदार अधिकारी होंगे सम्मानित।
रुड़की के पिरान कलियर में हरेला पर्व पर वृक्षारोपण; प्रमुख समाजसेवी मोहम्मद सत्तार और सभासद प्रतिनिधि गुलफाम ने पर्यावरण संरक्षण पर दिया ज़ोर।