Jan Mudde

No.1 news portal of India

आईआईटी रुड़की के दीक्षांत समारोह में पहुंचे एनएसए अजीत डोभाल, 2701 मेधावियों को सौंपी डिग्रियाँ, देश सेवा और नवाचार का दिया संदेश।

Spread the love

आरिफ नियाज़ी।
​​रुड़की। देश के अग्रणी तकनीकी संस्थानों में शुमार भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की में दो दिवसीय वार्षिक दीक्षांत समारोह 2026 का शुभारंभ अत्यंत उत्साह, गरिमा और धूमधाम के साथ हुआ। इस वर्ष संस्थान के कुल 2,701 मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी उपाधियाँ प्रदान की जा रही हैं। दीक्षांत समारोह के पहले दिन संस्थान का परिसर उत्सव के रंग में रंगा नज़र आया और उपाधि प्राप्त करने वाले युवाओं के चेहरों पर अपनी कड़ी मेहनत की सफलता की चमक साफ़ देखी गई।
​​समारोह के पहले दिन देश के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत कुमार डोभाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। अपने संबोधन में उन्होंने आईआईटी रुड़की के गौरवशाली इतिहास और इसके वैश्विक योगदान की जमकर सराहना की।
​डोभाल ने कहा कि
​”आईआईटी रुड़की के स्नातकों ने ना केवल भारत में बल्कि विश्व पटल पर अपनी उत्कृष्ट क्षमताओं और सेवाओं का लोहा मनवाया है। इस संस्थान के पूर्व छात्रों ने वैश्विक स्तर पर देश का नाम रोशन किया है। आज भी रुड़की आईआईटी की साख पूरी दुनिया में स्थापित है।​उन्होंने पास-आउट हो रहे छात्रों से आह्वान किया कि वे अपनी तकनीकी दक्षता का उपयोग देश के विकास, सुरक्षा और सामाजिक कल्याण में करें।
​पहले दिन के कार्यक्रम में वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ जनरल एन. एस. राजा सुब्रमणि ने विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका का बोध कराया और भविष्य की चुनौतियों के लिए शुभकामनाएँ दीं।
​​दीक्षांत समारोह के प्रथम दिवस पर मुख्य रूप से स्नातक (UG) पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं। डिग्री हाथ में आते ही छात्र-छात्राएं खुशी से झूम उठे और अपने सहपाठियों व परिजनों के साथ इस ऐतिहासिक पल को यादगार बनाते दिखे।​आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. के. के. पंत ने समारोह का शुभारंभ करते हुए संस्थान की हालिया उपलब्धियों, शोध कार्यों और अंतरराष्ट्रीय सहयोग का ब्योरा प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि आईआईटी रुड़की लगातार नए नवाचारों और अनुसंधान के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। प्रो. पंत ने उपाधि प्राप्त करने वाले सभी 2,701 विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल, समृद्ध और सफल भविष्य की कामना की।
​दो दिवसीय दीक्षांत समारोह के दूसरे दिन स्नातकोत्तर और पीएचडी के शोधार्थियों को उपाधियाँ दी जाएंगी। इस सत्र में हीरो मोटोकॉर्प के सीईओ हर्षवर्धन चितले मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहकर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे। कार्यक्रम मे कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक राम चंद्र शेट के अलावा आई आई टी प्रबंधन भी मौजूद रहा।

अधिक पढ़े जाने वाली खबर

error: Content is protected !!
जन मुद्दे के लिए आवश्यकता है उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के सभी जिलो से अनुभवी ब्यूरो चीफ, पत्रकार, कैमरामैन, विज्ञापन प्रतिनिधि की। आप संपर्क करे मो० न० 9719430800,9557227369