आरिफ नियाज़ी।
रुड़की। भारत विकास परिषद् मुख्य शाखा रुड़की की ओर से जरूरतमंद दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन जीने में सहयोग देने के उद्देश्य से तीन दिवसीय निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर 3 अक्टूबर से 5 अक्टूबर 2026 तक होटल सचिन इंटरनेशनल, ईदगाह चौक के निकट, काशीपुरी, रुड़की में आयोजित होगा।
शिविर में करीब 100 जरूरतमंद दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार कृत्रिम हाथ, बाँह, पाँव और टाँग उपलब्ध कराकर उनकी फिटिंग की जाएगी। इसके अलावा जरूरतमंदों को व्हीलचेयर और अन्य सहायक उपकरण भी प्रदान किए जाएंगे। पोलियो से प्रभावित बच्चों के लिए कैलिपर्स लगाने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
प्रकल्प संयोजक सचिन गुप्ता और पूजा गुप्ता ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों को केवल सहायता उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उन्हें दोबारा आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास करना है। उन्होंने कहा कि कृत्रिम अंगों की मदद से ऐसे लोग अपने दैनिक कार्यों को अधिक आसानी से कर सकेंगे और सम्मान के साथ जीवन जीने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।
कार्यक्रम के आयोजक सचिन गुप्ता,पूजा गुप्ता और सतेंद्र गुप्ता और अनिल जैन आदि ने बताया कि शिविर में शामिल होने के लिए पहले पंजीकरण कराना अनिवार्य है। पंजीकरण के लिए QR कोड स्कैन कर Google Form भरना होगा। इसके साथ ही लाभार्थियों को आधार कार्ड, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र और जिस अंग के लिए कृत्रिम अंग की आवश्यकता है, उसकी फोटो WhatsApp के माध्यम से भेजनी होगी।
शिविर की सभी सेवाएं पूरी तरह निःशुल्क रहेंगी। आयोजकों ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति शिविर के नाम पर Google Pay, UPI या किसी अन्य माध्यम से पैसे मांगता है तो भुगतान न करें। बाहर से आने वाले लाभार्थियों और उनके साथ आने वाले व्यक्तियों के लिए निःशुल्क भोजन की व्यवस्था भी की गई है।
भारत विकास परिषद् की अध्यक्ष आशा चंद्रा, सचिव निधि शांडिल्य तथा कोषाध्यक्ष एवं वित्त सचिव संजय सिंघल के नेतृत्व में शिविर आयोजित किया जा रहा है। परिषद् ने समाज के लोगों से अपील की है कि वे इस शिविर की जानकारी अधिक से अधिक जरूरतमंद दिव्यांगजनों तक पहुंचाएं, ताकि पात्र लोग इसका लाभ उठा सकें।





More Stories
*रुड़की के विकास और जनसेवा का संकल्प, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया जन्मदिन,रक्तदान शिविर में उमड़ी भीड़।
जीआरपी रुड़की द्वारा नाबालिग बालिका को सकुशल परिजनों के सुपुर्द किया गया।
रूड़की हाइवे पर रिमझीम होटल के सामने ढ़डेड़ी के पास गन्ने के खेत से मिला अज्ञात व्यक्ति का शव,नहीं हो सकी पहचान।