आरिफ नियाज़ी
रूड़की समान नागरिक संहिता को उत्तराखंड में लागू हुए एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रूड़की नगर निगम द्वारा आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में विकास खंड रूड़की कार्यालय के सभी कर्मचारी एवं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी सैकड़ों महिलाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य समान नागरिक संहिता की मूल भावना, इसके सामाजिक लाभों तथा आम नागरिकों के जीवन पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों के बारे में विस्तृत जानकारी देना रहा। कार्यक्रम के दौरान नगर निगम के मुख्य नगर अधिकारी राकेश चंद्र तिवारी ने सरल और सहज भाषा में बताया कि समान नागरिक संहिता समाज में समानता, न्याय और पारदर्शिता को मजबूत करने का कार्य करती है।

उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता देश को एक सूत्र में बांधने की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी कदम है। उन्होंने कहा कि यह कानून समाज के सभी वर्गों को समान अधिकार प्रदान करता है, जिससे महिलाओं को विशेष रूप से सशक्त बनने का अवसर मिला है। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार व समाज में भी इसके प्रति जागरूकता फैलाएं।

कार्यक्रम में उपस्थित ब्लॉक प्रमुख लुबना राव ने कहा कि समान नागरिक संहिता महिला सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि इस कानून से महिलाओं को सामाजिक और कानूनी रूप से मजबूती मिली है और अब उन्हें समान अधिकारों की स्पष्ट गारंटी प्राप्त हो रही है।

लुबना राव ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं इस जागरूकता अभियान की अहम कड़ी हैं और वे गांव-गांव तक इसकी जानकारी पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

वहीं बीडीओ सुमन कोठियाल दत्ताल ने कहा कि समान नागरिक संहिता का उद्देश्य किसी एक वर्ग विशेष को नहीं, बल्कि पूरे समाज को समान अधिकार और समान न्याय देना है। उन्होंने कहा कि विकास खंड स्तर पर इस तरह की कार्यशालाएं इसलिए आवश्यक हैं ताकि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के लोग कानूनों की सही जानकारी प्राप्त कर सकें। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी विकास खंड कार्यालय के माध्यम से ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।

कार्यशाला के दौरान स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने भी अपनी जिज्ञासाएं और प्रश्न रखे, जिनका अधिकारियों द्वारा विस्तार से और संतोषजनक उत्तर दिया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को समान नागरिक संहिता से संबंधित जानकारीपूर्ण साहित्य भी वितरित किया गया।

कार्यशाला में नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी, विकास खंड कार्यालय के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं जिनमें सहायक खंड विकास अधिकारी जुगेन्द्र राणा, मनोज कोठरी, ए डी ओ पंचायत जयवीर सिंह चौहान, ग्राम पंचायत अधिकारी विशाल चौहान, सचिन चौहान आदि मौजूद रहे।




More Stories
27 सूत्रीय मांगों को लेकर उत्तराखण्ड डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ ने सिंचाई विभाग में की बैठक, दस फरवरी को लिया जाएगा बड़ा निर्णय
सब का साथ सब का विकास की झलक है बजट 2026, अल्पसंख्यक कल्याण के लिए 3400 करोड़ रुपये का हुआ आवंटन – मुफ़्ती मन्नान रज़ा
27 सूत्रीय मांगों को लेकर उत्तराखण्ड डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ ने सिंचाई विभाग में की बैठक, दस फरवरी को लिया जाएगा बड़ा निर्णय