अमजद उस्मानी
उत्तराखंड की नई सरकार के गठन को लेकर अभी भी तस्वीर साफ नहीं हो पा रही है | मुख्यमंत्री कौन बनेगा यह सवाल अभी तक भी ज्यों का त्यों बना हुआ है| भाजपा हाईकमान ने अभी तक कोई ऐसा इशारा नहीं दिया है कि जिससे निश्चित रूप से कहा जा सके कि मुख्यमंत्री कौन बनेगा? कल 21 मार्च को शाम 4:00 बजे भाजपा विधानमंडल दल की बैठक बुलाई गई है जिसमें केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सांसद मीनाक्षी लेखी शामिल होंगे जो अपने साथ नए नेता का नाम लेकर आएंगे।इतना ही नहीं उम्मीद की जा रही है की बैठक में ही हाईकमान के पसंदीदा मुख्यमंत्री का नाम का ऐलान भी कर दिया जाएगा |
जिस पर विधानमंडल दल अपनी रजामंदी की मोहर लगाएगा |हालांकि कयास ये भी लगाए जा रहे हैं कि अगला मुख्यमंत्री ब्राह्मण भी हो सकता है | इस आधार पर ब्राह्मण दावेदारों में से संभावित मुख्यमंत्री के नाम का कयास लगाया जा रहा है| पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद रमेश पोखरियाल निशंक, राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी ,विधायक रितु खंडूरी पिछले दिनों अपने अपने नाम के लिए लॉबिंग करते रहे हैं |इन सब नामों से अलग एक नाम और तेज़ी से उभरा है वह है कालाढूंगी से विधायक बंशीधर भगत| जो पिछली सरकार में नगर विकास मंत्री और उससे पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं |
होली से पूर्व उन्हें अचानक हाईकमान ने दिल्ली तलब किया था |तब राजनीतिक हलकों में हलचल महसूस की गई थी |उसके बाद राज्यपाल ने वरिष्ठता के आधार पर उन्हें प्रोटेम स्पीकर नामित किया तो मुख्यमंत्री के तौर पर उनकी चर्चा बंद हो गई थी |कल उन्हें राज्यपाल द्वारा प्रोटेम स्पीकर की शपथ दिलाई जाएगी |जिसके बाद वह अन्य विधायकों को कल ही शपथ दिलाने का काम पूरा कर देंगे |इस बीच पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पार्टी हाईकमान ने मुख्यमंत्री के तौर पर बंशीधर भगत का नाम फाइनल कर दिया है और कल विधानमंडल दल की बैठक में उन्हें नेता चुनकर औपचारिकता पूरी कर दी जाएगी |
उत्तराखंड में भाजपा के अंदर चली आ रही गुटबाजी पार्टी हाईकमान के लिए सिर दर्द बनती रही है और पार्टी के अंदर आज भी खींचतान मौजूद है| आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी किसी प्रकार का जोखिम नहीं लेना चाहती है |इसलिए पिछले 10 दिन से पार्टी नेतृत्व इस कोशिश में रहा कि कोई नाम ऐसा सामने लाया जाए जो किसी विशेष गुट से संबंधित न हो |साथ ही वह इतना मजबूत भी नहीं हो कि वह अपनी महत्वाकांक्षा के चलते पार्टी हाईकमान को भविष्य में चुनौती दे सके |जैसा कि उत्तर प्रदेश में पार्टी देख चुकी है |इस कसौटी पर तमाम दावेदारों के बीच बंशीधर भगत खरे उतरते हैं |यदि सूत्रों का अनुमान सही है तो बंशीधर भगत उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री हो सकते हैं।

More Stories
हरिद्वार जिले में गौकशी की बढ़ती घटनाओं से महामंडलेश्वर स्वामी यतीन्द्रानन्द गिरि महाराज बेहद नाराज़, पुलिस प्रशासन को ठहराया जिम्मेदार
कांग्रेस नेता सचिन गुप्ता ने अपने पिता की तीसरी पुण्यतिथि पर लगाया रक्तदान शिविर, बड़ी संख्या में पहुंचे लोग
रुड़की में बाइक सवार युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग,हालत गंभीर,पुरानी रंजिश का मामला