आरिफ़ नियाज़ी।
रुड़की शहर के पॉश इलाके स्थित बादशाह होटल के समीप वक्फ बोर्ड की करोड़ों रुपये की बेशकीमती संपत्तियां स्थित हैं। इन संपत्तियों में मुसाफिरखाने से लेकर कई बड़े होटल और व्यावसायिक दुकानें शामिल हैं। हैरानी की बात यह है कि इन संपत्तियों को बेहद मामूली दरों पर किराये पर दिए जाने के बावजूद, वक्फ कमेटी को लंबे समय से इनका किराया प्राप्त नहीं हो सका है।
जानकारी के अनुसार, इन दुकानों और होटलों का किराया अविभाजित उत्तर प्रदेश के समय (यूपी वक्फ बोर्ड द्वारा) निर्धारित किया गया था, जो आज के बाजार भाव के मुकाबले ना के बराबर है। विडंबना यह है कि दुकानदार इस नाममात्र के मासिक किराये का भुगतान करने में भी आनाकानी कर रहे हैं। वक्फ कमेटी के जिम्मेदार पदाधिकारियों के बार-बार कहने के बावजूद किरायेदार इसे गंभीरता से नहीं ले रहे हैं, जिससे कमेटी खुद को बेबस महसूस कर रही है।
हालांकि मामले को लेकर रहमानिया वक्फ कमेटी के चेयरमैन हाजी मुस्तकीम ने बताया कि दुकानदारों से कई बार बकाया किराया जमा करने की अपील की गई, लेकिन वे टालमटोल कर रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि प्रशासनिक पहल के तहत फिलहाल मुसाफिरखाने को खाली करा लिया गया है और अब बकाया किराया वसूली के लिए सख्त रुख अपनाया जा रहा है।
कमेटी ने किराया ना मिलने की पूरी रिपोर्ट उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के उच्चाधिकारियों को भेज दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अब उत्तराखंड वक्फ बोर्ड ने इस पर संज्ञान लिया है। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही बोर्ड के अधिकारी रुड़की पहुंचकर संपत्तियों का निरीक्षण करेंगे और बकायेदार दुकानदारों के खिलाफ सख्त कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई अमल में लाएंगे।





More Stories
नारसन पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का भव्य स्वागत, कार्यकर्ताओं में दिखा जबरदस्त उत्साह।
रूड़की पूर्व मेयर गौरव गोयल ने महिला शिल्प विद्यालय इंटर कॉलेज में छात्राओं को वितरित की पाठ्य सामग्री,पूर्व मेयर यशपाल राणा व आचार्य रजनीश शास्त्री भी रहे मौजूद।
रामपुर के अरबी मदरसे में सालाना जलसे के दौरान देश प्रदेश की खुशहालीऔर अमन-सलामती की कराई गई दुआएँ।