Jan Mudde

No.1 news portal of India

मंगलौर के केवल कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज में छात्राओं को दी गई कानून की जानकारी, अधिकारों और सुरक्षा के प्रति किया जागरूक।

Spread the love

 

आरिफ़ नियाज़ी।
केवल कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज मंगलौर में महिलाओं एवं छात्राओं को कानून के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरिद्वार की सीनियर सिविल जज सिमरनजीत कौर ने शिरकत की। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर कॉलेज के प्रबंधक डॉ. रविंद्र कपूर एवं कार्यवाहक प्रधानाचार्य डॉ. दीपिका ने मुख्य अतिथि सिमरनजीत कौर का बुके भेंटकर स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान कॉलेज प्रबंधक डॉ. रविंद्र कपूर ने संस्थान की उपलब्धियों और शैक्षिक गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि उनका संस्थान बेहद कम समय में लगातार प्रगति कर रहा है। कॉलेज से शिक्षा प्राप्त कर निकली छात्राएं देश-विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रही हैं। उन्होंने कहा कि संस्थान में समय-समय पर छात्राओं को नई जानकारियां देने और उनके ज्ञान में वृद्धि करने के उद्देश्य से इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
डॉ. रविंद्र कपूर ने कहा कि आज के समय में बच्चों, विशेषकर छात्राओं को कानून और संविधान की जानकारी होना बेहद आवश्यक है। जब छात्राएं अपने अधिकारों और कानूनी प्रावधानों को समझेंगी, तभी वे अपने प्रति होने वाले किसी भी अन्याय के खिलाफ आवाज उठा सकेंगी और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकेंगी।
इस मौके पर मुख्य अतिथि सीनियर सिविल जज सिमरनजीत कौर ने छात्राओं के बीच पहुंचकर उन्हें कानून से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने बताया कि छात्राएं अपनी सुरक्षा किस प्रकार कर सकती हैं और किसी भी परेशानी या उत्पीड़न की स्थिति में कानूनी सहायता कैसे प्राप्त कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक छात्रा को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए।

इस दौरान उन्होंने बाल श्रम, बाल अपराध और बाल विवाह जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दों पर भी छात्राओं को जागरूक किया। उन्होंने इनसे जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए कहा कि बच्चों के अधिकारों की रक्षा करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। छात्राओं को भी इन विषयों की जानकारी रखनी चाहिए, ताकि वे स्वयं जागरूक होने के साथ दूसरों को भी जागरूक कर सकें।
कार्यक्रम में छात्राओं ने कानून और अपने अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अनीस अहमद, अमर उजाला प्रभारी अंकित गर्ग, अनुज शर्मा सहित कॉलेज के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्राएं प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

error: Content is protected !!
जन मुद्दे के लिए आवश्यकता है उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के सभी जिलो से अनुभवी ब्यूरो चीफ, पत्रकार, कैमरामैन, विज्ञापन प्रतिनिधि की। आप संपर्क करे मो० न० 9719430800,9557227369