Jan Mudde

No.1 news portal of India

Spread the love

*नए तेवर, नया जज़्बा सीईओ मोहम्मद आरिफ खान के नेतृत्व में कलियर शरीफ दरगाह में दिखेगा नया बड़ा बदलाव, कर्मचारियो का होगा ड्रेस कोड*

*आरिफ नियाज़ी*
उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी मोहम्मद आरिफ खान अब नए तेवर और नए जज़्बे के साथ नज़र आ रहे हैं। उनके पदभार ग्रहण करने के बाद दरगाह साबिर पाक के कामकाज और इंतज़ामात में बड़े बदलाव की तस्वीर साफ दिखाई देने लगी है। आने वाले समय में न सिर्फ दरगाह के आंतरिक प्रबंधन में सुधार होगा, बल्कि दरगाह परिसर और उसके आसपास बेहतर साफ-सफाई, सुव्यवस्थित यातायात और जायरीनों को आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
ख़ास बात यह है कि अब दरगाह के सभी कर्मचारियों के लिए एक समान ड्रेस कोड लागू किया जाएगा, जिससे अनुशासन और पहचान दोनों सुनिश्चित हो सके। सभी कर्मचारी मर्यादित, शालीन और अनुशासित रूप में अपनी ड्यूटी निभाते नज़र आएंगे। बाहर से आने वाले लाखों जायरीनों को दरगाह परिसर में बेहतर सुविधाएं, स्वच्छ वातावरण और सम्मानजनक व्यवहार मिलेगा। वज़ूखानों के पास ग्रीन मैट बिछाए जाएंगे ताकि सफाई बनी रहे और फिसलन जैसी समस्याओं से बचा जा सके।
इन्हीं उद्देश्यों को लेकर मुख्य कार्यपालक अधिकारी मोहम्मद आरिफ खान द्वारा आज हज हाउस में दरगाह के समस्त कर्मियों के साथ एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य दरगाह के बेहतर प्रबंधन, सुव्यवस्थित संचालन, यातायात व्यवस्था और जन-मानस को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे भले ही उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी हों, लेकिन दरगाह साबिर पाक में स्वयं को एक सेवक के रूप में कार्यरत मानते हैं।
बैठक में उन्होंने दरगाह कर्मियों और खादिमों को निर्देश देते हुए कहा कि दरगाह में आने वाला हर जायरीन हमारा मेहमान है, और उसके साथ सम्मानजनक, शालीन एवं अतिथि-सदृश व्यवहार करना हर कर्मचारी का कर्तव्य और नैतिक दायित्व है।
जायरीनों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दरगाह परिसर के चारों ओर चिन्हित स्थानों पर यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल सुविधा और आंतरिक व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। दुकानदारों और होटल संचालकों को अपने-अपने स्थान पर डस्टबिन अनिवार्य रूप से उपयोग करने के निर्देश दिए गए। किसी भी स्थिति में गंदगी या कूड़ा पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
दरगाह परिसर में स्थित बुजुर्गों के चारों ओर पैदल मार्गों पर मैट बिछाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए ताकि जायरीनों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही सभी कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान निर्धारित ड्रेस कोड और पहचान पत्र पहनना अनिवार्य किया गया।
दरगाह की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए एक तीन सदस्यीय समिति के गठन पर भी चर्चा हुई। यह समिति दरगाह के बाहरी क्षेत्रों का भ्रमण कर साफ-सफाई, शौचालय, पार्किंग स्थल, विद्युत व्यवस्था, आतिशबाजी स्थल, कूड़ा निस्तारण और सड़कों के चिन्हांकन से संबंधित रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। समिति में राज्य हज समिति के अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत पिरान कलियर के अधिशासी अधिकारी और दरगाह सुपरवाइजर इंतखाब आलम को सदस्य बनाया गया है।
इसके अलावा दरगाह में कूड़ा उठाने के लिए दो अतिरिक्त वाहन लगाए जाने के निर्देश दिए गए। दरगाह परिसर में स्थित विभिन्न स्थलों के उपयोग के लिए जल्द ही दिशा-निर्देश (गाइडलाइन) जारी की जाएगी, जिससे आम जायरीनों को सीधा लाभ मिल सके।
दरगाह के प्रमुख स्थलों पर ऑनलाइन भुगतान के लिए क्यूआर कोड लगाए जाएंगे। साथ ही दरगाह के तीनों मुख्य द्वारों पर सुझाव एवं शिकायत पेटिकाएं लगाई जाएंगी, जिन्हें सप्ताह में एक बार मुख्य कार्यपालक अधिकारी की निगरानी में खोला जाएगा।
दरगाह एवं मस्जिद परिसर के आसपास नालियों की नियमित सफाई और खुले में शौच पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी प्रकार की बीमारी न फैल सके और वातावरण स्वच्छ बना रहे। रोशनी व्यवस्था के तहत रात में दरगाह परिसर जायरीनों के लिए खुला रहेगा और उनके विश्राम हेतु दरी एवं टेंट की व्यवस्था भी की जाएगी।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने सभी सुपरवाइजरों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने सेक्टर से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र और समन्वित निस्तारण करें। किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित रखने या अनुचित रूप से रोकने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में हज अधिकारी मोहम्मद अहसान, अधिशासी अधिकारी कुलदीप सिंह चौहान, वक्फ निरीक्षक मोहम्मद अली, दरगाह लेखाकार सद्दाम खान, सुपरवाइजर इंतखाब आलम, मो0 हारून, मो0 शारिक,  असलम कुरैशी सहित अन्य दरगाह कर्मी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!
जन मुद्दे के लिए आवश्यकता है उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के सभी जिलो से अनुभवी ब्यूरो चीफ, पत्रकार, कैमरामैन, विज्ञापन प्रतिनिधि की। आप संपर्क करे मो० न० 9719430800,9557227369