आरिफ़ नियाज़ी।
दरगाह अजमेर शरीफ के गद्दीनशीन ने स्वयंसेवकों को वैश्विक शांति पुरस्कार से किया सम्मानित, बाबाजी संत बलदेव सिंह जी महाराज ने भेंट किया विशेष स्मृति चिह्न
दरगाह अजमेर शरीफ के गद्दीनशीन एवं चिश्ती फाउंडेशन के अध्यक्ष हाजी सैयद सलमान चिश्ती ने 15 से 17 नवंबर 2026 तक बुलंदपुरी साहिब में आयोजित 8वें अंतरराष्ट्रीय विनम्रता, दया और प्रेम सम्मेलन में हजरत ख्वाजा मोईनुद्दीन हसन चिश्ती गरीब नवाज (रह.) की पवित्र दरगाह की ओर से प्रतिनिधित्व किया।
सम्मेलन के पहले दिन हाजी सैयद सलमान चिश्ती ने भारत सहित दुनिया के विभिन्न देशों से पहुंचे हजारों प्रतिभागियों को संबोधित किया। इस अवसर पर बाबाजी संत बलदेव सिंह जी महाराज और पंजाब के माननीय राज्यपाल श्री गुलाब चंद कटारिया जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।अपने संबोधन में उन्होंने ख्वाजा गरीब नवाज के सदियों पुराने संदेश “सबसे प्रेम करो, किसी से द्वेष मत रखो” को दोहराया। साथ ही अजमेर शरीफ और पंजाब के बीच सदियों पुराने आध्यात्मिक संबंधों पर प्रकाश डाला। चिश्ती सिलसिले के महान संत हजरत बाबा शेख फरीद गंजशकर (रह.) की वाणी श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी में ‘फरीद बाणी’ के रूप में दर्ज है।
हाजी सैयद सलमान चिश्ती ने कहा, “अजमेर शरीफ और पंजाब पिछले 800 से अधिक वर्षों से प्रेम और सेवा की एक ही भाषा बोलते आ रहे हैं। गुरु साहिब के पवित्र ग्रंथ में बाबा फरीद की वाणी हमें याद दिलाती है कि परमात्मा एक है, प्रकाश एक है और मानवता भी एक है। विनम्रता, दया और प्रेम केवल कहने के आदर्श नहीं हैं, बल्कि जीवन जीने का तरीका हैं। इन्हें हमें अपने घरों, समाज और पूरी दुनिया में हर दिन अपनाना चाहिए।”
इस आंदोलन से जुड़े लोगों की निःस्वार्थ सेवा और समर्पण के सम्मान में हाजी सैयद सलमान चिश्ती ने चिश्ती फाउंडेशन, अजमेर शरीफ की ओर से सम्मेलन के वैश्विक स्वयंसेवकों और सेवादारों को वैश्विक शांति पुरस्कार प्रदान किया। यह सम्मान दुनिया भर में विनम्रता, दया और प्रेम का संदेश फैलाने के उनके समर्पण के लिए दिया गया।
आध्यात्मिक भाईचारे और आपसी सम्मान की भावना को आगे बढ़ाते हुए बाबाजी संत बलदेव सिंह जी महाराज ने हाजी सैयद सलमान चिश्ती को विशेष स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। यह सम्मान अजमेर शरीफ की चिश्ती परंपरा और इस वैश्विक आंदोलन के बीच मजबूत आध्यात्मिक संबंधों का प्रतीक रहा।
इस सम्मेलन में हाजी सैयद सलमान चिश्ती के साथ यूनिटी अर्थ संस्था के बेन बाउलर भी शामिल हुए। वह लंबे समय से सर्वधर्म सद्भाव और वैश्विक शांति से जुड़ी पहलों में सहयोग करते आ रहे हैं। दोनों की संयुक्त उपस्थिति ने विभिन्न धर्मों और देशों के बीच आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव के पुल बनाने के साझा संकल्प को दर्शाया। यह 20 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में यूनिटी अर्थ इंडिया की औपचारिक शुरुआत से पहले आयोजित हुआ।
तीन दिनों तक चले इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भारत, कनाडा, ब्रिटेन, इटली, ऑस्ट्रेलिया और अन्य देशों से आध्यात्मिक गुरु, गणमान्य व्यक्ति, स्वयंसेवक और श्रद्धालु शामिल हुए। सभी ने सम्मेलन के इस संदेश को अपनाने का संकल्प लिया कि—
“आइए, विनम्रता, दया और प्रेम के माध्यम से स्वयं को, अपने घरों को, कार्यस्थलों को, अपने समाज और पूरी दुनिया को वास्तव में सुंदर बनाएं।”




More Stories
खानपुर और लक्सर के लोगों को मिली नई उम्मीद,हरिद्वार से वाया लक्सर-खानपुर दिल्ली के लिए रोडवेज बस सेवा शुरू करने की मांग तेज, ठाकुर संजय सिंह आए आगे।
मंगलौर के कई अस्पतालों पर एसीएमओ का छापा, ओटी सील; संचालकों को दिया अल्टीमेटम।
रुड़की जिले की यूकेडी कार्यकारिणी के पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू, आनंद राज पनियाला का नाम जिला अध्यक्ष पद के लिए सबसे आगे।