आरिफ नियाजी।
महिलाओं और किशोरियों में तेजी से पैर पसार रहे सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आज रामनगर स्थित राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। भारत विकास परिषद द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता रीति वर्मा ने की, जबकि मंच का कुशल संचालन अलका घनशाला द्वारा किया गया।कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुँचीं प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. वंदना ग्रोवर का विद्यालय प्रबंधन और संस्था के पदाधिकारियों द्वारा माला पहनाकर एवं प्लांटर (पौधा) भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। इसके साथ ही परिषद की शाखा की ओर से उन्हें स्मृति-चिह्न देकर आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. वंदना ग्रोवर ने कक्षा 6 से 12 तक की छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर के कारण, लक्षण, बचाव और इसके निवारण के लिए HPV वैक्सीन (ह्यूमन पैपिलोमावायरस वैक्सीन) के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने जोर देकर कहा की ”अगर सही समय पर जागरूकता और सावधानी बरती जाए, तो इस गंभीर बीमारी को काफी हद तक रोका जा सकता है। यह वैक्सीन किशोरियों के लिए एक सुरक्षा कवच की तरह है।”
इसके साथ ही डॉ. ग्रोवर ने 30 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए पैप स्मियर जांच (Pap Smear Test) की अनिवार्यता पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं और अध्यापिकाओं को प्रेरित किया कि वे इस बेहद जरूरी और संवेदनशील जानकारी को केवल खुद तक सीमित न रखें, बल्कि अपनी माताओं और परिवार की अन्य महिलाओं तक भी अवश्य पहुँचाएं। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने बेहद उत्साह के साथ डॉक्टर से अपनी शंकाओं और स्वास्थ्य से जुड़े कुछ सवाल पूछे, जिनका डॉ. वंदना ने बहुत ही सरल शब्दों में समाधान किया।
कार्यक्रम के समापन पर एडवोकेट प्रीति अग्रवाल ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक नारायण दत्त शर्मा को प्लांटर और स्मृति-चिह्न भेंट कर उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी को अवगत कराया कि यह महत्वपूर्ण और जनहितैषी कार्यक्रम महिला संयोजिका नीलम मधोक के अथक प्रयासों और कुशल प्रबंधन के चलते ही सफलतापूर्वक संपन्न हो सका हैइस जागरूकता अभियान के दौरान नीलम शर्मा, सुगंध जैन, संगीता सिंह सहित विद्यालय का समस्त शिक्षिका स्टाफ उपस्थित रहा। इसके साथ ही मूलराज कन्या विद्यालय की छात्राओं ने भी इस कार्यक्रम में विशेष रूप से प्रतिभाग कर लाभ उठाया।





More Stories
माटी कला बोर्ड के सम्मान समारोह में कारीगरों का सम्मान, पारंपरिक कला को बढ़ावा देने का संकल्प दोहराया।
सुराज सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी की बड़ी चेतावनी,हरिद्वार के भ्रष्ट अधिकारियों को करेंगे बेनकाब, ईमानदार अधिकारी होंगे सम्मानित।
रुड़की के पिरान कलियर में हरेला पर्व पर वृक्षारोपण; प्रमुख समाजसेवी मोहम्मद सत्तार और सभासद प्रतिनिधि गुलफाम ने पर्यावरण संरक्षण पर दिया ज़ोर।