आरिफ नियाज़ी।
रूड़की ऊर्जा निगम द्वारा बिजली चोरी के खिलाफ लगातार बड़े स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है, जिससे बिजली चोरों में भय का माहौल बना हुआ है। निगम की सख्त कार्रवाई के चलते अवैध रूप से बिजली उपयोग करने वालों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। इसी क्रम में आज ऊर्जा निगम की रामनगर डिवीजन की टीम ने विभिन्न गांवों में छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
ऊर्जा निगम की टीम ने पाड़ली गुर्जर और तेलीवाला गांव में विशेष अभियान चलाते हुए 9- बिजली चोरों को रंगे हाथों पकड़ा, जबकि तांसीपुर गांव से 5 लोगों को अवैध रूप से बिजली उपयोग करते हुए चिन्हित किया गया। इस प्रकार कुल 14 बिजली चोरी के मामलों का खुलासा किया गया है।
अभियान के दौरान मौके पर मौजूद अधिकारियों ने अवैध कनेक्शन काटते हुए नियमानुसार कार्रवाई की और संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया भी शुरू कर दी। निगम की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा और ग्रामीणों में भी चर्चा का विषय बना रहा।
इस संयुक्त अभियान में एसडीओ मो. उस्मान, एसडीओ ओमपाल सिंह, एसडीओ पंकज गौतम, अवर अभियंता सुनील कुमार, मोहम्मद आसिफ, सुखपाल सिंह सहित ऊर्जा निगम के कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी से न केवल निगम को आर्थिक नुकसान होता है, बल्कि ईमानदार उपभोक्ताओं पर भी अतिरिक्त भार पड़ता है।
ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने दो टूक शब्दों में कहा कि बिजली चोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी इस तरह के सघन अभियान लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने आमजन से अपील की कि वह वैध कनेक्शन लेकर ही बिजली का उपयोग करें और बिजली चोरी जैसी गतिविधियों से दूर रहें।





More Stories
माटी कला बोर्ड के सम्मान समारोह में कारीगरों का सम्मान, पारंपरिक कला को बढ़ावा देने का संकल्प दोहराया।
सुराज सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी की बड़ी चेतावनी,हरिद्वार के भ्रष्ट अधिकारियों को करेंगे बेनकाब, ईमानदार अधिकारी होंगे सम्मानित।
रुड़की के पिरान कलियर में हरेला पर्व पर वृक्षारोपण; प्रमुख समाजसेवी मोहम्मद सत्तार और सभासद प्रतिनिधि गुलफाम ने पर्यावरण संरक्षण पर दिया ज़ोर।