आरिफ नियाज़ी।
झबरेड़ा के पनियाला
ग्राम में आयोजित ‘डॉ. भीमराव अंबेडकर समाज कल्याण शिविर ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान का गवाह बना। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे राज्यमंत्री देशराज कर्णवाल ने जनता की शिकायतों को बेहद गंभीरता से सुना और अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर ग्रामीणों को बड़ी राहत दी।शिविर की शुरुआत में ही राशन वितरण में धांधली का मुद्दा गरमा गया। नगर पंचायत सभासद राव मोमिन ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पात्र राशन कार्ड धारकों को उनके कार्ड में दर्ज यूनिट से एक यूनिट कम राशन दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बाद भी इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस मुद्दे पर अन्य सभासदों के समर्थन के बाद शिविर में कुछ देर के लिए हंगामा खड़ा हो गया। मामले को शांत कराते हुए क्षेत्रीय खाद्य आपूर्ति अधिकारी एम.एस. रावत ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि इस गंभीर शिकायत की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।शिविर में दूसरा बड़ा मुद्दा जल निकासी और सरकार द्वारा आवंटित पट्टों पर नगर पंचायत द्वारा कूड़ा डंप करने का उठा। सभासद दीपक कुमार ने इस पर कड़ा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि पाड़ली गुर्जर का तमाम कूड़ा ग्रामीणों की आवंटित भूमि (पट्टों) पर डाला जा रहा है, जिससे वहां गंदगी और बीमारियां फैलने का खतरा है।
इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए राज्यमंत्री देशराज कर्णवाल ने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को बेहद सख्त निर्देश दिए कि ग्रामीणों के पट्टों पर किसी भी कीमत पर कूड़ा या गंदगी नहीं डाली जाएगी। राज्यमंत्री ने मौके से ही जॉइंट मजिस्ट्रेट से फोन पर बात कर स्थिति से अवगत कराया। अब एक विशेष कमेटी इन पट्टों की वास्तविक स्थिति की जांच करेगी और जांच पूरी होने तक वहां कूड़ा डालने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।शिविर के दौरान सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं, विशेषकर वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन की प्रक्रियाओं को और अधिक सरल व सुलभ बनाने की मांग की गई, ताकि बुजुर्गों और जरूरतमंदों को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।
शिविर में सभासद दीपक कुमार, भाजपा नेत्री बैजंती माला, मोमिन अंसारी, क्षेत्रीय खाद्य आपूर्ति अधिकारी एम.एस. रावत, रोहित और समाज कल्याण अधिकारी संध्या शर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।





More Stories
रूड़की के शिवपुरम में जल निकासी ना होने सेफूटा जनता का गुस्सा,16 सालों से उपेक्षा के शिकार क्षेत्र का समाधान ना हुआ तो होगा उग्र आंदोलन सतीश शर्मा।
रूड़की मोहिनी देवी डिग्री कॉलिज के कवि सम्मेलन में पहुंची प्रमुख हस्तियाँ, कवियों ने देर रात तक बांधे रखा समां।
गरीब के द्वार सरकार” राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल ने हरजौली झोझा में सुनी जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए निस्तारण के निर्देश।