आरिफ नियाज़ी
रुड़की के रहीमपुर गांव में नाला निर्माण को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद अब सुलझता नजर आ रहा है। सोमवार को तहसील प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम गांव में पहुंची, जहां फाटक के पास दोनों सीमाओं की पैमाइश कराई गई। पैमाइश के बाद ग्रामीणों और प्रशासन के बीच सहमति बन गई।

सहमति के अनुसार कब्रिस्तान की एक दीवार को डेढ़ मीटर पीछे हटाया जाएगा, जबकि दूसरी दीवार को ढाई मीटर आगे बढ़ाया जाएगा। इस फैसले के बाद रास्ते और जल निकासी से जुड़ा विवाद समाप्त होने की उम्मीद जताई जा रही है।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि नदीम आलम और तहसील प्रशासन के अधिकारियों के बीच कई घंटों तक गहन वार्ता चली, जिसमें रास्ते के विवाद और बरसाती पानी की निकासी को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद समाधान के रास्ते खुलते नजर आए।
तहसील प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार अनिल काम्बोज , कानूनगो सुशील कुमार
और सुभाष जेमिनी, पटवारी अंजु काम्बोज और प्रवीण आर्य मौके पर मौजूद रहे। वहीं नगर निगम की ओर से सहायक नगर अधिकारी एसपी गुप्ता सहित बड़ी संख्या में निगम का स्टाफ भी मौके पर मौजूद रहा।
गौरतलब है कि बीते दिनों बरसात के पानी की निकासी को लेकर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि नदीम आलम और नगर निगम मेयर प्रतिनिधि ललित मोहन अग्रवाल आमने-सामने आ गए थे, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था। उस दौरान पुलिस प्रशासन और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए थे।
नाला निर्माण न होने के कारण शहर में जलभराव की गंभीर स्थिति बनी हुई थी, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। जल निकासी बाधित होने के चलते प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लिया, जिसके बाद आज अधिकारियों के मौके पर पहुंचने से विवाद के जल्द समाधान के आसार मजबूत हो गए हैं।





More Stories
मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्राॅफी खेल महाकुम्भ में खिलाड़ियों ने बाज़ी मारी
रुड़की के रहमानिया अरबी मदरसे में पहुंचे मदरसा बोर्ड अध्यक्ष मुफ्ती शमून कासमी, परीक्षाओं की ली जानकारी
मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्राॅफी खेल महाकुम्भ में खिलाड़ियों ने बाज़ी मारी।