आरिफ नियाज़ी
रुड़की ऊर्जा निगम की नीतियों के खिलाफ अब भारतीय किसान यूनियन रोड ने खुला मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को भारतीय किसान यूनियन रोड के सैकड़ों किसान नेता और कार्यकर्ता रुड़की स्थित ऊर्जा निगम के अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने जोरदार नारेबाजी करते हुए धरना-प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान भारतीय किसान यूनियन रोड और किसान रोड के राष्ट्रीय अध्यक्ष पदम सिंह रोड ने ऊर्जा निगम पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि ऊर्जा निगम लगातार किसानों और मजदूरों की अनदेखी कर रहा है। किसानों के भारी विरोध के बावजूद गांव-गांव में जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पदम सिंह रोड ने आरोप लगाया कि ऊर्जा निगम के अधिकारी बिजली चोरी के नाम पर किसानों का उत्पीड़न कर रहे हैं। गांवों में किसानों पर मनमाने ढंग से भारी-भरकम जुर्माने लगाए जा रहे हैं। इतना ही नहीं, जब किसान इसका विरोध करते हैं तो ऊर्जा निगम विजिलेंस के माध्यम से किसानों के खिलाफ थानों में मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं, जो पूरी तरह अन्यायपूर्ण है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ऊर्जा निगम या विजिलेंस की टीम बिना सहमति के किसी गांव में घुसी तो उसके गंभीर परिणाम होंगे। भारतीय किसान यूनियन रोड किसानों के हितों की रक्षा के लिए आर-पार की लड़ाई लड़ने को मजबूर होगी।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष संजीव कुशवाहा ने कहा कि किसान पहले ही महंगाई और खेती की बढ़ती लागत से परेशान हैं, ऊपर से स्मार्ट मीटर और फर्जी मामलों के जरिए उन पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है। युवा प्रदेश अध्यक्ष सचिन टोडा ने कहा कि युवाओं और किसानों को डराने की नीति अब नहीं चलेगी।
धरना-प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष मोहम्मद नाजिम, युवा जिला अध्यक्ष मुबारक अली, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप त्यागी, कारी शहजाद, प्रधान इकबाल, प्रधान विकास शर्मा, अनुज सैनी, जावेद बी डी सी, रवि कुमार, जसवीर, राजेंद्र चौधरी, सलीम, शेर अली, अर्जुन सैनी, अनुज त्यागी, सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।
किसान नेताओं ने एक स्वर में कहा कि यदि ऊर्जा निगम ने अपनी नीतियों में सुधार नहीं किया और किसानों पर हो रहे शोषण को बंद नहीं किया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।





More Stories
रुड़की के रहीमपुर गांव में नाला निर्माण विवाद सुलझने की कगार पर, पैमाइश के बाद बनी आपसी सहमति
मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्राॅफी खेल महाकुम्भ में खिलाड़ियों ने बाज़ी मारी
रुड़की के रहमानिया अरबी मदरसे में पहुंचे मदरसा बोर्ड अध्यक्ष मुफ्ती शमून कासमी, परीक्षाओं की ली जानकारी