आरिफ नियाज़ी।
रुड़की। बिशंबर सहाय ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में आज नवप्रवेशित छात्राओं के स्वागत एवं महाविद्यालय से परिचय कराने के उद्देश्य से शिक्षा दीक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नए सत्र में प्रवेश लेने वाली छात्र एवं छात्राओं का पुराने विद्यार्थियों द्वारा आत्मीयता के साथ स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के पदाधिकारियों एवं अतिथियों द्वारा किया गया। इस अवसर पर संस्थान के सचिव चंद्रभूषण शर्मा, एमडी गौरव भूषण शर्मा, कोषाध्यक्ष एवं कार्यक्रम अध्यक्ष सौरभ भूषण शर्मा सहित महाविद्यालय के प्राचार्य, विभागाध्यक्ष, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सचिव चंद्रभूषण शर्मा ने नवप्रवेशित छात्र एवं क्षछात्राओं का स्वागत करते हुए कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और जीवन को सही दिशा देने का आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, मेहनत और संस्कारों के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
एमडी गौरव भूषण शर्मा ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ ऐसा वातावरण उपलब्ध कराना है, जिसमें वे अपनी प्रतिभा और क्षमता को पहचानकर भविष्य में सफलता प्राप्त कर सकें। उन्होंने नवागंतुक छात्र एवं छात्राओं को संस्थान के परिवार का हिस्सा बनने पर शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम अध्यक्ष एवं संस्थान के कोषाध्यक्ष सौरभ भूषण शर्मा, जो भारतीय जनता पार्टी व्यवसायिक प्रकोष्ठ, उत्तराखंड के प्रदेश संयोजक भी हैं, ने छात्र एवं छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि महाविद्यालय में आने वाला प्रत्येक विद्यार्थी संस्थान के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपने समय का सदुपयोग करते हुए शिक्षा के साथ सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करें। उन्होंने नवप्रवेशित छात्र एवं छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विभागाध्यक्षों ने नवप्रवेशित छात्राओं को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन, विभिन्न विभागों, पाठ्यक्रमों तथा उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। पुराने विद्यार्थियों ने भी नवागंतुक छात्र एवं छात्राओं का स्वागत करते हुए उन्हें महाविद्यालय के वातावरण से परिचित कराया और अपने अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। छात्राओं स्वीटी, सानिया, आई, अलीशा, जेबा, शिफा एवं आशना ने नृत्य, नाटक एवं कविता प्रस्तुतियों के माध्यम से सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों पर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और कार्यक्रम का माहौल उत्साह एवं उमंग से भर गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य शहज़ेब आलम ने सभी अतिथियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने नवप्रवेशित छात्राओं का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय उनके बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।
इस अवसर पर विभागाध्यक्ष शाहरुख गौड़, परीक्षा नियंत्रक शाहीन, प्रणव शर्मा, विशाल सैनी, एमडी जागीर, कुंवारी सोनी, मोइन, आयुषी शर्मासहित महाविद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।





More Stories
मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन सिंचाई विभाग रुड़की शाखा के अधिवेशन में सुरेंद्र कुमार सैनी का दबदबा कायम, पांचवीं बार निर्विरोध बने अध्यक्ष।
नारसन केंद्र पर कक्षा 8 के विद्यार्थियों की दक्षताओं में सुधार को लेकर बी आर सी क़ी बैठक आयोजित।
जीआरपी रुड़की द्वारा महिला को सकुशल परिजनों के सुपुर्द किया गया.।