आरिफ नियाज़ी।
जिला युवा कल्याण विभाग ने अपने कर्तव्यों के प्रति लापरवाही बरतने और अनुशासनहीनता करने वाले पीआरडी (प्रांतीय रक्षक दल) जवानों के खिलाफ सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। विभाग ने साफ कर दिया है कि ड्यूटी के दौरान लापरवाही, नशा या गुटखा-पान का सेवन करने वाले जवानों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे जवानों के खिलाफ ना सिर्फ तत्काल कार्रवाई की जा रही है, बल्कि आचरण में सुधार न होने पर उन्हें सेवा से हमेशा के लिए बर्खास्त करने की तैयारी भी कर ली गई है।इसी कड़ी में विभाग ने हाल ही में एक बड़ी दंडात्मक कार्रवाई को अंजाम दिया है। नारसन विकास खंड के ग्राम कगवाली निवासी पीआरडी जवान राकेश कुमार (पुत्र चंदू) को तत्काल प्रभाव से ड्यूटी से हटा दिया गया है।
जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रमोद चंद पांडेय को लंबे समय से राकेश कुमार के खिलाफ ड्यूटी से नदारद रहने और अत्यधिक नशा करने की शिकायतें मिल रही थीं। विभाग द्वारा राकेश को कई बार अपने आचरण में सुधार करने और ड्यूटी के दौरान नशा न करने के सख्त निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद, जवान के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया और हाल ही में मीडिया के माध्यम से भी उसकी यह लापरवाही खुलकर सामने आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला युवा कल्याण अधिकारी ने तुरंत प्रभाव से उसे ड्यूटी से हटाने के आदेश जारी कर दिए।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई अभी शुरुआती स्तर पर है। हालांकि निष्कासित जवान राकेश कुमार को अपने आचरण को सुधारने के लिए दो महीने का समय दिया गया है। यदि इस अवधि के भीतर उनके व्यवहार और आचरण में कोई सकारात्मक सुधार नहीं देखा गया, तो विभाग उन्हें सेवा से स्थाई रूप से बर्खास्त करने की कार्रवाई करेगा।जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रमोद चंद पांडेय ने बताया की पीआरडी जवानों का मुख्य कार्य समाज में सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखना है। ऐसे में उनका स्वयं का आचरण उच्च स्तर का होना चाहिए। यदि कोई भी जवान ड्यूटी के दौरान नशा करते या लापरवाही बरतते हुए पाया जाता है, तो उस पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत तत्काल और कठोर कार्रवाई की जाएगी।इस कार्रवाई के बाद जिला युवा कल्याण विभाग ने जिले के सभी पीआरडी जवानों के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। सभी जवानों को हिदायत दी गई है कि वे पूरी ईमानदारी, मुस्तैदी और साफ-सुथरी छवि के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें। विभाग की इस सख्त कार्रवाई से लापरवाह जवानों में हड़कंप मचा हुआ है।





More Stories
माटी कला बोर्ड के सम्मान समारोह में कारीगरों का सम्मान, पारंपरिक कला को बढ़ावा देने का संकल्प दोहराया।
सुराज सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी की बड़ी चेतावनी,हरिद्वार के भ्रष्ट अधिकारियों को करेंगे बेनकाब, ईमानदार अधिकारी होंगे सम्मानित।
रुड़की के पिरान कलियर में हरेला पर्व पर वृक्षारोपण; प्रमुख समाजसेवी मोहम्मद सत्तार और सभासद प्रतिनिधि गुलफाम ने पर्यावरण संरक्षण पर दिया ज़ोर।