आरिफ नियाज़ी
रुड़की। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत गरीबों को मिलने वाले राशन में लापरवाही की शिकायतों के बीच जिला खाद्य पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने कड़ा रुख अपनाते हुए रुड़की ब्लॉक की कई राशन दुकानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तीन अलग-अलग गांवों में संचालित राशन की दुकानों पर गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिससे विभाग में हड़कंप मच गया।
सबसे पहले जिला खाद्य पूर्ति अधिकारी अपनी टीम के साथ रुड़की ब्लॉक के धनौरा गांव स्थित राशन डीलर अरविंद की दुकान पर पहुंचे। यहां निरीक्षण के दौरान स्टॉक रजिस्टर ही गायब मिला। पूछताछ करने पर राशन डीलर ने बताया कि उसका रजिस्टर किसी अन्य गांव के राशन डीलर के पास है। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने तत्काल अरविंद से जवाब तलब किया और आवश्यक कार्रवाई के संकेत दिए।
इसके बाद टीम नन्हेड़ा अनंतपुर गांव में राशन डीलर महताब की दुकान पर पहुंची। यहां सूचना पट्ट और रेट लिस्ट नहीं मिली। इतना ही नहीं, राशन भी किसी सुरक्षित स्थान पर नहीं रखा गया था, जो स्पष्ट रूप से नियमों की अनदेखी को दर्शाता है। इस पर जिला पूर्ति अधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए राशन डीलर को फटकार लगाई तथा स्टॉक रजिस्टर कब्जे में लेकर सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए।
निरीक्षण का सिलसिला यहीं नहीं रुका। खाद्य पूर्ति विभाग की टीम बहादरपुर सैनी गांव पहुंची, जहां राशन डीलर संजय की दुकान पर भी बड़े पैमाने पर खामियां पाई गईं। संजय को भी नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।
जिला खाद्य पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने स्पष्ट किया कि तीनों राशन डीलरों के स्टॉक का रजिस्टर से मिलान किया जाएगा। यदि अनियमितताएं प्रमाणित होती हैं तो संबंधित डीलरों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि अब हर सप्ताह राशन की दुकानों का औचक निरीक्षण किया जाएगा और लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान खाद्य पूर्ति अधिकारी रुड़की मदन सिंह रावत भी मौजूद रहे।
खाद्य पूर्ति विभाग की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के राशन डीलरों में दिनभर हड़कंप की स्थिति बनी रही। आम जनता को उम्मीद है कि इस कार्रवाई से राशन वितरण प्रणाली में पारदर्शिता और सुधार अवश्य आएगा।





More Stories
पिरान कलियर के साबरी गेस्ट हाउस में उमड़ा मरीज़ों का जनसैलाब, पहली बार लगा भव्य स्वास्थ्य शिविर।
कलियर नगर पंचायत विकास की ओर अग्रसर, वार्ड-3 में लाखों की आंतरिक सड़कों का चेयरमैन प्रतिनिधि ने किया शिलान्यास।
सीबी एस सी बोर्ड मे ग्रीनवे स्कूल का दबदबा, शिवांश गुप्ता ने 98.8% अंकों के साथ किया स्कूल टॉप,स्कूल का नाम किया रोशन।