आरिफ़ नियाज़ी।
हरिद्वार जिले में केंद्र सरकार की अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति योजना में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताओं और धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस महाघोटाले की आंच में कई राजनीतिक दलों के नेताओं के स्कूल और कॉलेज भी घिरते नजर आ रहे हैं, जिससे राजनैतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हरिद्वार के 19 नामचीन स्कूलों, कॉलेजों और शिक्षण संस्थानों के खिलाफ सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया है।यह पूरा मामला शैक्षणिक वर्ष 2021-22 और 2022-23 की छात्रवृत्ति योजना से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि इन संबंधित संस्थानों ने सोची-समझी साजिश के तहत फर्जी दस्तावेजों और भ्रामक जानकारियों का सहारा लेकर छात्रवृत्ति की भारी-भरकम राशि हड़प ली और सरकारी धन का जमकर दुरुपयोग किया।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी इप्सिता रावत ने बताया कि राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (NSP) पर कई संदिग्ध मामले सामने आने के बाद, भारत सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय ने 21 मार्च 2025 को संदिग्ध संस्थानों की विस्तृत जांच के निर्देश दिए थे।”
उत्तराखंड शासन के आदेश पर इस जांच के लिए उप जिलाधिकार स्तर की विशेष समितियों का गठन किया गया था। जांच समितियों की रिपोर्ट में वित्तीय अनियमितताओं और जालसाजी की पुष्टि होने के बाद, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर लिया।
धोखाधड़ी और नियमों के उल्लंघन के आरोप में जिन 19 संस्थानों पर एफआईआर दर्ज की गई है, उनमें प्रमुख रूप से
रुड़की इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (RIT)
गॉड ब्लेस पब्लिक स्कूल
एम.जी. पब्लिक स्कूल
ए.एस.एन. इंटर कॉलेज
विश्व भारती पब्लिक स्कूल
रेडियंस एकेडमी
संस्कृति पब्लिक स्कूल
एस.डी.पी.सी. गर्ल्स इंटर कॉलेज
ओम इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन शामिल है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि यह घोटाला करोड़ों रुपये का हो सकता है। मामले की निष्पक्षता और गहराई से जांच के लिए सीओ सदर और एसपी बलूनी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया जा रहा है।
एसएसपी ने साफ किया है कि जांच के दौरान जो भी दस्तावेज, साक्ष्य और तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद से ही छात्रवृत्ति हड़पने वाले सिंडिकेट और इससे जुड़े सफेदपोशों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस अब इन संस्थानों के बैंक खातों और संबंधित दस्तावेजों को खंगालने की तैयारी में है।





More Stories
बहादराबाद ब्लॉक में ‘सेवा पखवाड़े का आयोजन,राज्य मंत्रियों ने गिनाईं सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं।
रोटरी क्लब रूड़की एलीट का अधिष्ठापन दिवस एवं पदग्रहण समारोह सम्पन्न, नई कार्यकारिणी ने सेवा परियोजनाओं की रूपरेखा की प्रस्तुत।
वॉइस ऑफ़ इण्डिया कलाकारों को दें रहा है आगे बढ़ने का नया मंच, सलीम खान की मुहीम ला रही रंग,गायिका सारा खान ने बढ़ाया कलाकारों का होंसला।