आरिफ नियाज़ी
नारसन ब्लॉक में खाद्य आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए खाद्य पूर्ति अधिकारी दिनेश कुमार शर्मा लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। अपने कड़े लेकिन निष्पक्ष कार्यशैली के लिए पहचाने जाने वाले दिनेश कुमार शर्मा गलत कार्यों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करते, वहीं ईमानदारी से काम करने वालों को पूर्ण सहयोग भी देते हैं। यही वजह है कि उनकी कार्यप्रणाली को प्रशासनिक हलकों में अलग पहचान मिली हुई है।
इसी क्रम में आज उन्होंने गाधारोना और शिकारपुर गांव का औचक भौतिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वे सीधे जमीनी स्तर पर आम जनता के बीच पहुंचे और खाद्यान्न वितरण प्रणाली को लेकर ग्रामीणों से विस्तार से जानकारी जुटाई। उन्होंने लाभार्थियों से पूछा कि उन्हें समय पर राशन मिल रहा है या नहीं, वितरण में किसी प्रकार की कटौती या अनियमितता तो नहीं हो रही है।
निरीक्षण के दौरान गेहूं और चावल की गुणवत्ता की भी बारीकी से जांच की गई। उन्होंने गोदामों और राशन दुकानों पर रखे खाद्यान्न का नमूना देख कर गुणवत्ता का आकलन किया और साफ निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में घटिया गुणवत्ता का अनाज वितरण न किया जाए।
दिनेश कुमार शर्मा की इस सख्त कार्रवाई से राशन डीलरों में पूरे दिन हड़कंप की स्थिति बनी रही। सूत्रों के अनुसार कई दुकानदार व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटे दिखाई दिए। अधिकारी ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक निर्धारित मात्रा और गुणवत्ता का राशन समय पर पहुंचे, और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।





More Stories
बिना नोटिस बीएसएफ जवान के मकान को एच आर डी ए ने किया सील,कार्यवाई से ग्रामीणों में भारी गुस्सा।
माधोपुर गांव में लगे शिविर में पहुंचे राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल ने सुनी समस्याएं, अधिकांश का हुआ समाधान।
राष्ट्र निर्माण और आदर्श समाज के लिए शिक्षा सबसे ज़रूरी: मुफ़्ती सलीम, दीनी और दुनियावी तालीम दोनों पर दिया गया ज़ोर।