आरिफ नियाज़ी।
रुड़की तहसील प्रशासन ने आज सुबह सवेरे लंढोरा क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन माफियाओं में हड़कंप मचा दिया। संयुक्त अभियान के दौरान बिना रॉयल्टी के खनन सामग्री से भरे तीन डंपरों को पकड़कर मौके पर ही सीज़ कर दिया गया।
सुबह सवेरे चलाए गए इस विशेष अभियान का नेतृत्व तहसीलदार विकास अवस्थी ने किया। उनके साथ नायब तहसीलदार अनिल काम्बोज, नायब तहसीलदार युसूफ अली, पटवारी पंकज राजपूत, पटवारी नरेश सैनी तथा खनन विभाग के अधिकारी माधव सिंह और विवेक कुमार मौजूद रहे। टीम ने लंढोरा कस्बे के विभिन्न मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया, जिसमें तीन डंपर अवैध खनन सामग्री के साथ पकड़े गए। जांच के दौरान संबंधित वाहनों के पास किसी प्रकार की वैध रॉयल्टी या दस्तावेज नहीं पाए गए।
प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए तीनों डंपरों को मौके पर ही सीज़ कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। तहसीलदार विकास अवस्थी ने बताया कि अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे अभियानों को निरंतर जारी रखा जाएगा।
गौरतलब है कि लंढोरा कस्बे में लंबे समय से अवैध खनन सामग्री से भरे डंपर तेज रफ्तार से गुजर रहे थे, जिससे कई बार सड़क हादसे भी हो चुके हैं। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने बार-बार प्रशासन से कार्रवाई की मांग की थी। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से जहां खनन माफियाओं में खलबली मची हुई है, वहीं क्षेत्रीय जनता ने राहत की सांस ली है।





More Stories
भगवानपुर में विकास कार्यों की समीक्षा: एसडीएम देवेंद्र सिंह नेगी ने दिए सख्त निर्देश, मानचित्र के अनुरूप निर्माण पर जोर
हरिद्वार में ऑनलाइन शिक्षक प्रोफेशनल डेवलपमेंट प्रोग्राम का हुआ शुभारंभ
नारसन ब्लॉक में खाद्य पूर्ति अधिकारी दिनेश कुमार शर्मा का औचक निरीक्षण, राशन डीलरों में मचा हड़कंप