आरिफ नियाज़ी
भगवानपुर विकास खंड की न्याय पंचायत चूड़ियाला गांव स्थित सीएमडी इंटर कॉलेज में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत एक भव्य बहुउद्देशीय जनसमस्या समाधान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में क्षेत्रवासियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना गया, जिसमें कुल 80 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 37 समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर दिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भगवानपुर के उप जिलाधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी ने की। शिविर में सरकार के पांच राज्य मंत्री उपस्थित रहे, जबकि जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी विशेष रूप से मौजूद रहे।
शिविर के दौरान उस समय माहौल बेहद गरम हो गया जब चूड़ियाला क्षेत्र में लंबे समय से सड़कों के निर्माण न होने पर जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को भरे पंडाल में जमकर फटकार लगाई और अवर अभियंता खलील अहमद की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। इतना ही नहीं, किरण चौधरी ने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री तक से करने की चेतावनी भी दे डाली।
इसके बाद राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल ने भी मुख्यमंत्री का नाम सूचना बोर्ड पर अंकित न होने को लेकर लोक निर्माण विभाग के जेई खलील अहमद को कड़ी फटकार लगाई। स्थिति तब संभली जब उप जिलाधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद दोनों जनप्रतिनिधि शांत हुए।
जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान शिविर को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल ने कहा कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार यह अभियान प्रदेश की सभी न्याय पंचायतों में चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों की जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
सैकड़ों समस्याएं दर्ज, अधिकांश का मौके पर निस्तारण
बहुउद्देशीय शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों की योजनाओं के तहत सैकड़ों ग्रामीणों को लाभ पहुंचाया गया। शिविर में चकरोड़, भूमि पैमाइश, श्रम विभाग से संबंधित जानकारी, राशन कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन, किसान सम्मान निधि, भूमि विवाद, अतिक्रमण, विद्युत बिल, साफ-सफाई, जलभराव तथा राजस्व भूमि से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं।
अपर तहसील प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों को शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को अग्रसारित किया गया।
ये रहे प्रमुख अतिथि और अधिकारी शिविर में राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति, श्यामवीर सिंह सैनी, किसान आयोग के उपाध्यक्ष चौधरी अजीत सिंह, चकबंदी अधिकारी अनिल सुनील, बीडीओ आलोक गर्ग, भाजपा नेता मास्टर सत्यपाल, ग्राम प्रधान मनोज कुमार, सरठेड़ी प्रधान मुस्कान कुमार, प्रधान श्रीमती ललिता, श्रीमती हिमानी, श्रीमती अनिता, श्रीमती गौतम रानी, भाजपा मंडल अध्यक्ष संदीप रघुवंशी, भाजपा नेता उदय त्यागी और सीएमडी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य युधिष्ठिर त्यागी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।




More Stories
27 सूत्रीय मांगों को लेकर उत्तराखण्ड डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ ने सिंचाई विभाग में की बैठक, दस फरवरी को लिया जाएगा बड़ा निर्णय
सब का साथ सब का विकास की झलक है बजट 2026, अल्पसंख्यक कल्याण के लिए 3400 करोड़ रुपये का हुआ आवंटन – मुफ़्ती मन्नान रज़ा
27 सूत्रीय मांगों को लेकर उत्तराखण्ड डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ ने सिंचाई विभाग में की बैठक, दस फरवरी को लिया जाएगा बड़ा निर्णय