Jan Mudde

No.1 news portal of India

रूड़की बाल विकास कार्यालय में आधार अपडेट के नाम पर अव्यवस्था, मनमानी वसूली के आरोप, महिलाएं व बच्चे बेहाल।

Spread the love

 

आरिफ नियाज़ी।

रूड़की में आधार कार्ड अपडेट कराने पहुंचे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ईदगाह चौक स्थित पुलिया के पास बाल विकास कार्यालय के ऊपर संचालित आधार अपडेट केंद्र पर अव्यवस्था और मनमानी वसूली के गंभीर आरोप सामने आए हैं। आधार अपडेट के नाम पर लोगों का न सिर्फ समय बर्बाद हो रहा है, बल्कि उनसे निर्धारित शुल्क से कहीं अधिक रकम वसूली जा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह दस बजे से पहले ही आधार अपडेट कराने के लिए लंबी-लंबी कतारें लग जाती हैं। सर्द मौसम के बावजूद दूर-दराज़ से आए लोग घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं, लेकिन इसके बाद भी उनका नंबर नहीं आ पाता। विशेष रूप से महिलाएं और छोटे बच्चों के साथ आए अभिभावक सबसे अधिक परेशान नजर आए।

आधार अपडेट कराने आई महिलाओं का आरोप है कि केंद्र संचालक सरकार द्वारा तय शुल्क के बजाय 200 से 250 रुपये तक की वसूली कर रहा है। बच्चों के आधार अपडेट के नाम पर भी मोटी रकम ली जा रही है, जिससे लोगों में भारी रोष है। कई लोगों का कहना है कि यदि तय शुल्क का विरोध किया जाता है तो उनका काम टाल दिया जाता है या फिर सिस्टम स्लो होने का बहाना बनाया जाता है।

लोगों ने यह भी सवाल उठाया कि जिस छोटे से कार्यालय में आधार अपडेट का कार्य किया जा रहा है, वहां इतनी बड़ी संख्या में लोगों को बैठने या खड़े होने की समुचित व्यवस्था तक नहीं है। ऐसे में यह जांच का विषय है कि इस केंद्र को आधार अपडेट की अनुमति किस आधार पर दी गई और क्या यहां मानकों का पालन हो रहा है या नहीं।

वहीं, जब इस संबंध में आधार कार्ड केंद्र संचालक से बात की गई तो उन्होंने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि नेटवर्क कनेक्टिविटी की समस्या के कारण सिस्टम धीमा चल रहा है और शुल्क सरकार द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार ही लिया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि एसआईआर (SIR) प्रक्रिया के चलते इन दिनों आधार अपडेट कराने वालों की संख्या अचानक बढ़ गई है, जिससे भीड़ अधिक हो रही है।

हालांकि, जमीनी हकीकत यह है कि आधार अपडेट कराने पहुंचे लोगों को दिनभर खड़े रहने के बावजूद राहत नहीं मिल पा रही है। अब लोगों की मांग है कि प्रशासन इस पूरे मामले की जांच कराए, अवैध वसूली पर रोक लगाए और आधार अपडेट केंद्रों पर पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करे, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

अधिक पढ़े जाने वाली खबर

error: Content is protected !!
जन मुद्दे के लिए आवश्यकता है उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के सभी जिलो से अनुभवी ब्यूरो चीफ, पत्रकार, कैमरामैन, विज्ञापन प्रतिनिधि की। आप संपर्क करे मो० न० 9719430800,9557227369