Jan Mudde

No.1 news portal of India

खंजरपुर रोज़ा इफ्तार पार्टी में पहुंचे आज़ाद अली ने कहा भाजपा से खौफज़दा ना हों मुसलमान

Spread the love

आरिफ़ नियाज़ी

रुड़की। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जन अधिकार पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आज़ाद अली लगातार गांव-गांव जाकर संगठन को मजबूत करने में जुटे हुए हैं। इसी क्रम में रुड़की के खंजरपुर स्थित पत्रकार आसिफ अली के आवास पर आयोजित रोज़ा इफ्तार पार्टी में जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आज़ाद अली पहुंचे, जहां उन्होंने बड़ी बेबाकी के साथ अपने विचार रखे।

इस मौके पर आज़ाद अली ने कहा कि आज देश की कोई भी बड़ी राजनीतिक पार्टी मुसलमानों की सच्ची हितैषी नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हो या भाजपा, दोनों पार्टियों ने मुसलमानों के वोट तो लिए लेकिन उनके विकास और अधिकारों के लिए ठोस काम नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि आज भाजपा सरकारों के दौर में मुसलमान खुद को डरा-सहमा महसूस कर रहा है और कई जगह लोग रोज़ा इफ्तार जैसे धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करने से भी डरने लगे हैं कि कहीं उन पर कोई कार्रवाई या मुकदमा न हो जाए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने वर्षों तक मुसलमानों के वोट हासिल किए, लेकिन उन्हें नेतृत्व में उचित स्थान नहीं दिया। यही कारण है कि मुसलमान आज भी विकास की मुख्यधारा से पीछे रह गया है। आज़ाद अली ने कहा कि अगर जन अधिकार पार्टी को जनता का समर्थन मिला तो पार्टी “जिसकी जितनी हिस्सेदारी, उसकी उतनी भागीदारी” के सिद्धांत पर काम करेगी।

उन्होंने कहा कि जन अधिकार पार्टी को समाज के सभी वर्गों—मुसलमान, दलित, पिछड़े और अगड़े—का समर्थन मिल रहा है। पार्टी किसी भी वर्ग पर होने वाले अत्याचार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी समाज को बांटने की राजनीति कर रही है, जबकि जन अधिकार पार्टी लोगों के दिलों को जोड़ने का काम करेगी।

आज़ाद अली ने मुसलमानों से अपील करते हुए कहा कि वे आगे आएं और देश की तरक्की व खुशहाली में अपनी भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि मुसलमानों को एक मंच पर आना होगा और जन अधिकार पार्टी उनके अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी।

आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी हरिद्वार और देहरादून जिले की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। हालांकि उधम सिंह नगर जिले में पार्टी किसी मुस्लिम प्रत्याशी को मैदान में नहीं उतारेगी। उन्होंने यह भी बताया कि सहसपुर विधानसभा सीट से वह स्वयं चुनाव लड़ेंगे।

अंत में उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि कांग्रेस और भाजपा से अलग हटकर जन अधिकार पार्टी से जुड़ें, ताकि प्रदेश और देश के विकास की एक नई इबारत लिखी जा सके।

error: Content is protected !!
जन मुद्दे के लिए आवश्यकता है उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के सभी जिलो से अनुभवी ब्यूरो चीफ, पत्रकार, कैमरामैन, विज्ञापन प्रतिनिधि की। आप संपर्क करे मो० न० 9719430800,9557227369