आरिफ नियाज़ी
रुड़की स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय शफीपुर में आज समग्र विकास कार्यों के पूर्ण होने पर भव्य उद्घाटन एवं हस्तांतरण समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय का कायाकल्प Panasonic Life Solutions India Pvt. Ltd. द्वारा अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) कार्यक्रम के अंतर्गत Chirag Foundation के सहयोग से किया गया।
परियोजना के तहत विद्यालय परिसर का व्यापक जीर्णोद्धार किया गया। इसमें भवन की रंगाई-पुताई, कक्षा-कक्षों का सुदृढ़ीकरण, शौचालयों का उन्नयन, स्वच्छ पेयजल एवं हैंडवॉश स्टेशन की स्थापना, बाल पोषण वाटिका का विकास, खेल सामग्री की उपलब्धता तथा आधुनिक शिक्षण-अधिगम संसाधनों की व्यवस्था शामिल है। इन सुधारों से विद्यालय का वातावरण अब अधिक स्वच्छ, सुरक्षित और आकर्षक हो गया है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल सकेगा।
कार्यक्रम में मुख्य शिक्षा अधिकारी नरेश हल्दिया, खंड शिक्षा अधिकारी आकांक्षा राठौर पैनासोनिक की टीम तथा चिराग फाउंडेशन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। मुख्य शिक्षा अधिकारी नरेश हल्दिया ने कहा कि इस प्रकार की सार्वजनिक-निजी सहभागिता से सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण परिवर्तन संभव है और यह मॉडल अन्य विद्यालयों के लिए प्रेरणादायक साबित हो सकता है। खंड शिक्षा अधिकारी आकांक्षा राठौर ने भी इस पहल को शिक्षा क्षेत्र में एक सकारात्मक और सराहनीय कदम बताया।
समारोह के अंत में विकास कार्यों का औपचारिक हस्तांतरण किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रभारी प्रधानाचार्य रेखा बुढ़ाकोटी, उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष मनमोहन शर्मा, ब्लॉक मंत्री पंकज बिश्नोई,शिक्षक शिवानी, राजकीय प्राथमिक विद्यालय हरजोली जट्ट के प्रधानाध्यापक गेंदा सिंह तथा चिराग फाउंडेशन के नीलू सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अभिभावकों एवं स्थानीय समुदाय की सक्रिय सहभागिता से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। विद्यालय के जीर्णोद्धार के बाद अब न केवल आधारभूत सुविधाओं में सुधार हुआ है, बल्कि इससे शिक्षा के स्तर में भी सकारात्मक परिवर्तन की उम्मीद जगी है।





More Stories
माटी कला बोर्ड के सम्मान समारोह में कारीगरों का सम्मान, पारंपरिक कला को बढ़ावा देने का संकल्प दोहराया।
सुराज सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी की बड़ी चेतावनी,हरिद्वार के भ्रष्ट अधिकारियों को करेंगे बेनकाब, ईमानदार अधिकारी होंगे सम्मानित।
रुड़की के पिरान कलियर में हरेला पर्व पर वृक्षारोपण; प्रमुख समाजसेवी मोहम्मद सत्तार और सभासद प्रतिनिधि गुलफाम ने पर्यावरण संरक्षण पर दिया ज़ोर।