आरिफ नियाज़ी।
बाहादराबाद स्थित बढेड़ी के घोड़ेवाला गांव में लंबे समय से चला आ रहा जमीनी विवाद अब लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। पूर्व में दोनों पक्षों के बीच बने तनाव के बाद, पहले पक्ष द्वारा मामला दर्ज कराए जाने के उपरांत अब दूसरे पक्ष की तहरीर के आधार पर बाहादराबाद पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।पीड़ित जाकिर पुत्र ताहिर निवासी ग्राम घोड़ेवाला ने बाहादराबाद पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि गांव के ही आजम, आलम (पुत्रगण स्व० अकबर), श्रीमती सलमा (पत्नी स्व० अकबर) और श्रीमती शाइना (पत्नी आजम) उनसे और उनके परिवार से पुरानी रंजिश रखते हैं। आरोप है कि यह पक्ष पहले भी कई बार उनके साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकियां दे चुका है।जाकिर के अनुसार, घटना 22 जुलाई 2026 की सुबह करीब 10:30 बजे की है। आरोपी गांव के पास स्थित उनकी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो आरोपी तैश में आ गए और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज करने लगे।
घर में घुसकर लाठी-डंडों से पीटने का आरोप
जाकिर का कहना है कि जब उन्होंने गाली देने से मना किया, तो आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से उन पर थप्पड़ों, लात-घूसों से हमला कर दिया। किसी तरह अपनी जान बचाकर जब वह अपने घर के अंदर भागे, तो आरोपी भी उनके घर में घुस आए। वहां भी आरोपियों ने थप्पड़, मुक्कों और लाठी-डंडों से उनके साथ जमकर मारपीट की।चीख-पुकार और शोर-शराबा सुनकर आसपास के काफी लोग मौके पर एकत्र हो गए, जिन्होंने बमुश्किल जाकिर की जान बचाई। जाते-जाते आरोपी यह धमकी दे गए कि यदि दोबारा जमीन की तरफ आए, तो परिवार के किसी बच्चे का अपहरण कर उसकी हत्या कर देंगे या फिर उनके पेट्रोल पंप में आग लगाकर सब कुछ तबाह कर देंगे।
पीड़ित ने पुलिस को दिए आवेदन में यह भी खुलासा किया कि करीब एक सप्ताह पूर्व भी आरोपियों के रिश्तेदारों ने उनकी जमीन पर नाजायज दबाव बनाने के उद्देश्य से उनके पेट्रोल पंप पर हमला किया था। आरोप है कि जान से मारने की नीयत से पेट्रोल पंप पर काम कर रहे मजदूरों, उनके भाई जाबिर और भतीजे शाकिर पर अवैध हथियारों से फायरिंग की गई थी, जिसमें वे बाल-बाल बच गए थे।
जाकिर का दावा है कि पेट्रोल पंप पर हुई इस पूरी वारदात की फुटेज वहां लगे CCTV कैमरों में कैद है। उन्होंने यह भी बताया कि अब तक आरोपी समझौते की बात कहकर मामला टालते रहे, लेकिन हाल ही में उन्होंने फैसला करने से साफ इनकार कर दिया और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बाहादराबाद पुलिस ने जाकिर की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों (आजम, आलम, सलमा और शाइना) के खिलाफ संबंधित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच तेजी से शुरू कर दी गई है और CCTV फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।





More Stories
रुड़की मामूली विवाद में आपा खो बैठा अन्ना , फावड़े से ताबड़तोड़ वार कर सगे भाई की बाइक के उड़ाए परखच्चे,आरोपी हवालात में l
भारतीय जनता मजदूर संघ उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष बने पोपिन कुमार मौर्य, कार्यकर्ताओं ने किया फूल मालाओं से ज़ोरदार स्वागत।
जश्न-ए-ख़ैरुल वरा की तैयारियों के बीच नई संस्था “AWN Foundation” के गठन की घोषणा।