आरिफ नियाज़ी
डॉ. आर. के. सिंह के मुख्य चिकित्सा अधिकारी का कार्यभार संभालने के बाद हरिद्वार जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिल रहा है। उनकी सख्त लेकिन पारदर्शी कार्यशैली ने स्वास्थ्य विभाग में नई ऊर्जा का संचार किया है और आमजन को राहत पहुंचाई है।
स्वास्थ्य सेवाएं पहले से कहीं अधिक बेहतर हुई हैं. कार्यभार ग्रहण करते ही डॉ. आर.के. सिंह ने सबसे पहले स्वास्थ्य महकमे में सक्रिय दलाल तंत्र पर रोक लगाने का अभियान चलाया। अस्पतालों और कार्यालयों के बाहर अनावश्यक भीड़ और बिचौलियों की गतिविधियों को समाप्त करने के लिए सख्त निर्देश जारी किए गए। इसका सीधा लाभ मरीजों को मिला है, जिन्हें अब बिना किसी दबाव या अतिरिक्त खर्च के उपचार सुविधाएं मिल पा रही हैं।
डॉ. सिंह ने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि कार्य में लापरवाही और भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अस्पतालों में नियमित निरीक्षण, समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करना, दवाइयों की उपलब्धता की समीक्षा और शिकायतों के त्वरित निस्तारण जैसी व्यवस्थाएं लागू की गई हैं।
जनपद के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए विशेष रणनीति तैयार की गई है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ ही आवश्यक उपकरण और दवाओं की आपूर्ति पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग में आई इस सख्ती और सुधार का सकारात्मक असर आम जनता के बीच देखने को मिल रहा है। मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि अब उन्हें अस्पतालों में अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे और न ही किसी बिचौलिए का सहारा लेना पड़ रहा है।
डॉ. आर.के. सिंह की कार्यप्रणाली ने यह स्पष्ट कर दिया है कि यदि प्रशासनिक इच्छाशक्ति मजबूत हो तो सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में भी पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सकती है। हरिद्वार में स्वास्थ्य व्यवस्था की यह नई शुरुआत भविष्य के लिए सकारात्मक संकेत मानी जा रही है.





More Stories
सीबीएसई दसवीं कक्षा में शुमैला जहां ने प्राप्त किये 98% अंक, सभी की मिली मुबारकबाद।
पिरान कलियर के साबरी गेस्ट हाउस में उमड़ा मरीज़ों का जनसैलाब, पहली बार लगा भव्य स्वास्थ्य शिविर।
कलियर नगर पंचायत विकास की ओर अग्रसर, वार्ड-3 में लाखों की आंतरिक सड़कों का चेयरमैन प्रतिनिधि ने किया शिलान्यास।