आरिफ नियाज़ी।
रुड़की। दिगंबर जैन समाज रजिस्टर रुड़की की ओर से पंचकल्याण महा महोत्सव के सफल आयोजन में सहभागिता निभाने वाले पात्रों, कार्यकर्ताओं एवं दानदाताओं के सम्मान में आदर्शनगर स्थित एक वैडिंग पॉइंट में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में समाज के उन सभी सदस्यों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने तन, मन और धन से सहयोग कर मंदिर निर्माण एवं पंचकल्याण महोत्सव को ऐतिहासिक स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में समाज के संरक्षक लालचंद जैन, अध्यक्ष अनिल कुमार जैन, मंत्री अवनीश जैन, कोषाध्यक्ष सुभाष चंद्र जैन, पंचकल्याण महोत्सव के संयोजक अरिंजय जैन के साथ गौरव जैन, सुधीर कुमार जैन, अंकुर जैन, अनुज जैन, मनोज जैन, मुकेश जैन, कानूनगो एस.सी. जैन (एसबीआई) सहित संपूर्ण आयोजन समिति की सक्रिय सहभागिता रही। समारोह के दौरान समाज में उत्साह और उल्लास का वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत समाज के अध्यक्ष अनिल कुमार जैन ने सभी आगंतुकों का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए की। उन्होंने रुड़की को चंद्रोदय अतिशय तीर्थ क्षेत्र घोषित किए जाने पर समाज की ओर से हर्ष व्यक्त किया और इसे पूरे जैन समाज के लिए गौरव का विषय बताया।
इसके पश्चात पंचकल्याण महोत्सव के संयोजक अरिंजय जैन ने विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग देने वाले कार्यकर्ताओं को एक-एक कर मंच पर आमंत्रित किया। सभी सम्मानितजनों को स्मृति चिन्ह, पटका पहनाकर एवं तिलक लगाकर सम्मानित किया गया। आयोजन के सफल संचालन, पूर्ण समर्पण और अथक प्रयासों के लिए मुख्य संयोजक अरिंजय जैन की समाज के सभी वरिष्ठजनों द्वारा भूरी-भूरी प्रशंसा की गई।
कार्यक्रम के अंत में पंचकल्याण महा महोत्सव में भाग लेने वाले पात्रों एवं विभिन्न दानदाताओं को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। समारोह के समापन पर समाज के पदाधिकारियों ने सभी सहयोगकर्ताओं का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार समाजहित में एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।





More Stories
हरिद्वार में गृहमंत्री अमित शाह की रैली को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, भीड़ जुटाने में जुटे भाजपा नेता, किरण चौधरी का दावा ऐतिहासिक होंगी रैली
होली के रंग में सराबोर हुआ प्रेस क्लब महानगर रुड़की (रजि.), फूलों की होली और भाईचारे का दिया संदेश
देहरादून से हरिद्वार की ओर जा रही तेज़ रफ़्तार एक कार हाइवे पर पलटी, तीन घायल