आरिफ नियाज़ी।
रुड़की सीएसआईआर-केंद्रीय भवन अनुसंधान संस्थान (सीबीआरआई) में “भवन निर्माण प्रौद्योगिकी की नवीनतम प्रवृत्तियाँ” विषय पर तीन दिवसीय राष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। यह कार्यक्रम 16 जुलाई से 18 जुलाई 2025 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देशभर के विभिन्न तकनीकी संस्थानों के प्रशिक्षणार्थी छात्र भाग ले रहे हैं। इसका उद्देश्य छात्रों को भवन निर्माण क्षेत्र में हो रहे नवीनतम और सतत तकनीकी विकास से अवगत कराना है।
कार्यक्रम का उद्घाटन सीएसआईआर-सीबीआरआई के निदेशक प्रो. आर. प्रदीप कुमार द्वारा किया गया। अपने उद्घाटन भाषण में उन्होंने कहा कि “भवन निर्माण क्षेत्र में निरंतर नवाचार हो रहे हैं। आज के युवाओं के लिए यह अत्यंत आवश्यक है कि वे पर्यावरण-अनुकूल, उन्नत और टिकाऊ प्रौद्योगिकियों के प्रति जागरूक हों। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम न केवल उन्हें व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करेगा, बल्कि उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाएगा।” उन्होंने शिक्षा के दो रूप—अकादमिक शिक्षा और मूल्य शिक्षा—की महत्ता पर भी प्रकाश डाला, जो एक संतुलित और संपूर्ण छात्र जीवन के लिए आवश्यक हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य वैज्ञानिक श्री नदीम अहमद द्वारा सभी प्रशिक्षणार्थी छात्रों का स्वागत करते हुए की गई। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. तबिश आलम के समन्वय में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रीकास्ट कंस्ट्रक्शन सिस्टम, प्रीफैब तकनीक, ऊर्जा कुशल भवन डिजाइन तथा स्मार्ट कंस्ट्रक्शन सिस्टम जैसे समकालीन विषयों पर गहन जानकारी दी जा रही है।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को संस्थान की अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं और अनुसंधान इकाइयों का भ्रमण भी कराया जा रहा है, जिससे वे इन तकनीकों की वास्तविक और व्यावहारिक जानकारी प्राप्त कर सकें।
इस अवसर पर वरिष्ठ वैज्ञानिक इं. आशीष पिप्पल, डॉ. चन्दन स्वरूप मीणा तकनीकी सहायक रजनीश कुमार तथा ओडीएस टीम के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में इं. आशीष पिप्पल द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया, जिसमें उन्होंने प्रतिभागियों को इस अवसर का पूरा लाभ उठाने और अपने भविष्य व शिक्षा को और बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया।





More Stories
रुड़की बस स्टैंड का होगा जीर्णोद्धार, एक करोड़ की लागत से बदलेगा स्वरूप, कैबिनेट मंत्री ने किया शुभारम्भ।
भाजपा की प्रचंड जीत से देहरादून में जश्न का माहौल,*दर्जाधारी राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल ने ढोल की थाप पर किया जमकर डांस।
उत्तराखण्ड के हज यात्रियों में भारी उत्साह, प्रस्थान, 305 जायरीन मदीना मुनव्वरा के लिए रवाना।